वरिष्ठ पत्रकार स्व. हरिराम चौरसिया के निवास पहुंचे पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, शांति देवी मेमोरियल की ओर से परिजनों को सौंपी 25 हजार की आर्थिक सहायता राशि
समाचार की दुनियां
कोरबा_ कोरबा प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य रहे वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय हरिराम चौरसिया के निधन पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल आज साडा कॉलोनी (बालकोनगर) स्थित उनके निवास पहुंचे। उन्होंने स्व. हरिराम चौरसिया के पिताजी श्री गुलाबचंद चौरसिया एवं उनके भाई रामसमुज चौरसिया, राधेश्याम चौरसिया सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की, उन्हें ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया। साथ ही उन्होंने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों के साथ स्व. चौरसिया के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
इस दौरान जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा प्रेस क्लब में की गई घोषणा के अनुरूप शांति देवी मेमोरियल की ओर से स्व. हरिराम चौरसिया के परिजनों को 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि नकद प्रदान की।
श्री अग्रवाल ने स्वर्गीय चौरसिया जी को याद करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं बल्कि समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को सामने लाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज और आम जनता की आवाज बनते हैं। स्व. हरिराम चौरसिया जी का निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक दुखद क्षति है। उनके योगदान और स्मृतियां सदैव याद की जाती रहेंगी।
उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में वे और शांति देवी मेमोरियल परिवार के साथ खड़े हैं। आर्थिक सहायता का यह छोटा सा प्रयास दिवंगत पत्रकार के परिवार के प्रति सम्मान, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का प्रतीक है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव दिनेश राज, सहसचिव हरीश तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य राजेश मिश्रा, नईदुनिया के ब्यूरो प्रमुख देवेंद्र गुप्ता, महिला पत्रकार आशा ठाकुर, बालकोनगर ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी एवं नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, पार्षद बद्री किरण उपस्थित रहे।
*पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री ने की थी घोषणा*
पूर्व मंत्री श्री अग्रवाल ने कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान क्लब के सदस्यों के निधन की स्थिति में शांति देवी मेमोरियल की ओर से उनके परिजनों को 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के अनुरूप यह सहायता राशि प्रदान की गई। इससे पूर्व प्रेस क्लब के सदस्य स्वर्गीय संजय देवांगन के निधन पर शांति देवी मेमोरियल की ओर से उनके परिजनों को 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की थी। कोरबा प्रेस क्लब ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें लगातार सहयोग पर धन्यवाद ज्ञापित किया है।

