Thursday, February 19, 2026
Uncategorized

मैदान में उतारने वाला हर एक खिलाड़ी विजेता: डॉ. सहारे प्रतियोगिता के तीसरे दिवस एसपी 11 ने मेडिकल कॉलेज की टीम को 32 रन से दी शिकस्त

समाचार की दुनिया

कोरबा- स्वर्गीय केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के तीसरे दिवस एसपी 11 और मेडिकल कॉलेज की टीम के बीच मैच खेला गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. केके सहारे रहे। विशिष्ट अतिथियों में मेडिकल कॉलेज के सीएस डॉ. गोपाल कंवर, अस्पताल अधीक्षक डॉ रविकांत जाटवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी की उपस्थिति रही। इस अवसर पर डॉ सहारे ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में हार जीत तो होती है, लेकिन असली विजेता वही है जो मैदान पर उतरता है। मैदान में उतरने वाला हर एक खिलाड़ी विजेता होता है। उन्होंने प्रेस क्लब के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय केशव लाल मेहता कि स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता एक अनूठी पहल है। विशिष्ट अतिथियों ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब 22 वें वर्ष यह आयोजन कर रहा है।आयोजन के लिए प्रेस क्लब परिवार बधाई का पात्र है। प्रतियोगिता में पहले बल्लेबाजी करते हुए एसपी 11 की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेडिकल कॉलेज की टीम निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 81 रन ही बना सकी। इस तरह एसपी 11 की टीम ने 32 रन से मुकाबला जीत लिया। एसपी 11 की ओर से घातक गेंदबाजी करने वाले इरफान खान (7 देकर 3 विकेट) को मेन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम मैदान क्रिकेट प्रेमियों से भरा रहा। कार्यक्रम में प्रेस क्लब कोरबा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, प्रेस क्लब सदस्य, पत्रकारबंधु, सहित गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।