Thursday, June 25, 2026
कोरबा न्यूज़

BALCO में स्थानीय ठेकेदारों के हितों की अनदेखी पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने जताई चिंता

समाचार की दुनियां 
कोरबा- भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) प्रबंधन द्वारा स्थानीय ठेकेदारों के लिए निविदा प्रक्रिया में लागू की गई ₹5 करोड़ एवं ₹10 करोड़ वार्षिक टर्नओवर की अनिवार्य पात्रता शर्तों को लेकर वेदांता कॉन्ट्रेक्टर एसोसिएशन, बालको नगर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
एसोसिएशन द्वारा बताया गया कि BALCO में वर्षों से कार्यरत अनेक अनुभवी एवं सक्षम स्थानीय ठेकेदार वर्तमान में केवल उच्च टर्नओवर की वित्तीय पात्रता शर्तों के कारण निविदा प्रक्रिया में भाग लेने से वंचित हो रहे हैं। इससे स्थानीय व्यवसाय, रोजगार एवं उनसे जुड़े हजारों श्रमिकों के हित प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई है।
जयसिंह अग्रवाल ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर, जिला कोरबा को पत्र लिखकर BALCO प्रबंधन एवं स्थानीय ठेकेदारों के मध्य समन्वय स्थापित कर उचित समाधान निकालने हेतु आवश्यक हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कोरबा जिला प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र है और BALCO जैसी प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाई के विकास एवं संचालन में स्थानीय ठेकेदारों, उद्यमियों एवं श्रमिकों का वर्षों से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्थानीय ठेकेदारों ने अपने अनुभव, तकनीकी दक्षता एवं संसाधनों के माध्यम से कंपनी के विभिन्न कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया है।
पूर्व मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि बड़ी औद्योगिक इकाइयों की जिम्मेदारी केवल उत्पादन और व्यवसाय तक सीमित नहीं होती, बल्कि जिस क्षेत्र में वे स्थापित हैं वहां के स्थानीय लोगों, उद्यमियों एवं श्रमिकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भी उनका सामाजिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि छोटे एवं मध्यम स्तर के स्थानीय ठेकेदारों के पास पर्याप्त अनुभव एवं कार्य क्षमता होने के बावजूद केवल अत्यधिक वित्तीय पात्रता मानदंडों के कारण अवसरों से बाहर होना उचित नहीं है। ऐसी परिस्थितियों में औद्योगिक विकास के साथ-साथ स्थानीय सहभागिता एवं रोजगार संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।
श्री अग्रवाल ने यह भी स्मरण कराया कि BALCO विस्तार परियोजना के लिए आयोजित जनसुनवाई में तत्कालीन BALCO सी.ई.ओ. अभिजीत पती द्वारा स्थानीय बेरोजगारों, व्यवसायियों, ठेकेदारों, सप्लायरों एवं स्थानीय समुदाय के हितों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में स्थानीय हितों की उपेक्षा दिखाई दे रही है।
उन्होंने कलेक्टर कोरबा से आग्रह किया है कि—
• BALCO प्रबंधन से चर्चा कर ₹5 करोड़ एवं ₹10 करोड़ वार्षिक टर्नओवर की अनिवार्य शर्तों की पुनः समीक्षा कराई जाए।
• जिला प्रशासन की उपस्थिति में BALCO प्रबंधन एवं वेदांता कॉन्ट्रेक्टर एसोसिएशन के मध्य समन्वय बैठक आयोजित की जाए।
• वर्षों से BALCO में कार्यरत अनुभवी स्थानीय ठेकेदारों एवं उनसे जुड़े श्रमिकों के हितों की रक्षा हेतु व्यवहारिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
• औद्योगिक संस्थानों में स्थानीय सहभागिता एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि कोरबा की औद्योगिक पहचान यहां के उद्योगों और स्थानीय लोगों के आपसी सहयोग से बनी है। स्थानीय उद्यमियों एवं श्रमिकों के हितों का संरक्षण क्षेत्र के संतुलित, समावेशी एवं सतत विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन इस विषय को संवेदनशीलता से लेते हुए BALCO प्रबंधन से सकारात्मक संवाद स्थापित करेगा और स्थानीय ठेकेदारों के हित में न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी पहल करेगा.