महापौर के डेढ़ साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश, शहर का हो रहा है कायाकल्प, लोगों क़ो भीड़ से जल्द मिलेगा निजात
समाचार की दुनियां
कोरबा- नगर पालिका निगम कोरबा के डेढ़ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर महापौर संजू देवी राजपूत ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी 67 वार्डों में सड़क, नाली, पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर लगातार काम किया गया। इस दौरान 537 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए। 434 नए विकास कार्यों को स्वीकृति मिली, जिनमें 76 पूरे हो चुके हैं, 149 निर्माणाधीन हैं और 209 कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे।
महापौर ने कहा कि कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना रही। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत किया गया, बड़े होटल और शादीघरों के कचरा प्रबंधन के लिए सख्ती बरती गई तथा सफाई व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए गए। 16 एसएलआरएम केंद्रों का आठ करोड़ रुपये की लागत से उन्नयन किया जा रहा है। वर्तमान में 10 किलोमीटर सड़कों की सफाई रोड स्वीपिंग मशीन से हो रही है और 12 किलोमीटर अतिरिक्त सड़कों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप कोरबा ने देश के स्वच्छ शहरों में आठवां स्थान हासिल किया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, रंग-रोगन और प्रतीक चिन्हों की स्थापना भी कराई गई।
व्यापारिक और यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर उन्होंने कहा कि बुधवारी बाजार, कोसाबाड़ी डेली मार्केट और घंटाघर क्षेत्र की वर्षों पुरानी अव्यवस्था को दूर किया गया। चौपाटी को व्यवस्थित फूड जोन के रूप में विकसित किया गया, जिससे सड़क किनारे लगने वाले ठेलों का बेहतर प्रबंधन हुआ और जाम की समस्या कम हुई। फुट ओवरब्रिज का उपयोग बढ़ा है तथा छोटे व्यापारियों के लिए दुकानें बनाकर आवंटित की गई हैं। कोसाबाड़ी में सब्जी विक्रेताओं के लिए भी व्यवस्थित व्यवस्था बनाई गई है। मल्टीलेवल पार्किंग परिसर के पास फ्रूट जोन विकसित कर फल विक्रेताओं को भी एक स्थान पर व्यवस्थित करने की योजना है।
महापौर ने बताया कि शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई बड़ी परियोजनाएं शुरू की गई हैं। 211 करोड़ रुपये की लागत से 20 एमएलडी क्षमता का टर्शरी ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा, जबकि 33 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माणाधीन है, जिससे गंदे पानी को हसदेव नदी में जाने से रोका जा सकेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दादर खुर्द में तैयार आवासों का 22 जुलाई को आवंटन होगा। लंबे समय से बंद पड़े मल्टीलेवल पार्किंग भवन को भी उपयोग में लाया जाएगा, जहां पार्किंग के साथ 40 से अधिक दुकानों का आवंटन किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि शहर में 5000 नई स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य चल रहा है तथा प्रमुख चौकों पर हाईमास्ट लाइट स्थापित की जाएंगी। सुनालिया ओवरब्रिज से अग्रसेन चौक तक सड़क एवं पुल निर्माण, सर्वमंगला पुल से दर्री बांध तक फोरलेन सड़क तथा आईटीआई चौक से बालको चेकपोस्ट तक गौरव पथ निर्माण जैसी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। ट्रैफिक सिग्नल वाले प्रमुख स्थलों पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए वेटिंग शेड बनाए जाएंगे, जिसकी शुरुआत सीएसईबी चौक से हो चुकी है।
महापौर ने बताया कि “महापौर की पाती” और “कनेक्ट टू कमिश्नर” जैसी पहल से नागरिकों की शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निराकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला खनिज न्यास मद से हॉकी स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, बॉक्स क्रिकेट मैदान और सिंथेटिक रनिंग ट्रैक के निर्माण की योजना है। शहर के गीले कचरे से बायोगैस बनाने की परियोजना, “मिशन वरुण” के माध्यम से जलकर वसूली, राइफल शूटिंग रेंज एवं अकादमी की स्थापना, मुख्य मार्गों पर ग्रीन कॉरिडोर का विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 में लक्ष्य से अधिक 4027 आवासों की स्वीकृति तथा 80 ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने जैसे कार्य भी किए गए हैं। स्वच्छता शपथ अभियान के तहत 20 मिनट में 15,500 से अधिक लोगों के हस्ताक्षर लेकर कोरबा ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी स्थान दर्ज कराया।

