Saturday, April 19, 2025
govthigh paid adsLatest Newsmiddle position adsmy adsUncategorized

छत्तीसगढ़ : 200 कांग्रेसियों के इस्तीफे पर रो पड़े जिलाध्यक्ष:कहा- बहुत दुख हुआ, वे ऐसा नहीं करेंगे; ये BJP-R̥SS की साजिश

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अचानक 200 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस्तीफे को कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने बीजेपी और RSS की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ऐसा नहीं करेंगे। मुझे इस बात का बहुत दुख है कि उन्होंने इस तरह के गंभीर आरोप कांग्रेस विधायक और पार्टी पर लगाए हैं। यह बात कहते-कहते कांग्रेस जिला अध्यक्ष भावसिंह साहू रो पड़े, उनकी आंखों में आंसू भर आए। आखिर में उन्होंने हाथ तक जोड़ लिए।

दरअसल, कुछ दिन पहले ही जिले के कोपरा पंचायत के 4 जिला महामंत्री, दो ब्लॉक महामंत्री समेत 200 कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इन कार्यकर्ताओं ने राजिम से कांग्रेस विधायक अमितेश शुक्ल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वे जिस सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। विधायक उसी सरपंच का साथ दे रहे हैं। जबकि विधायक पर पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं।

मैं कोपरा के लोगों की वजह से जिला अध्यक्ष

इसी मुद्दे पर मीडिया से बात करते हुए भावसिंह साहू ने कहा कि कोपरा के कांग्रेसी कभी ऐसा नहीं कर सकते। इसमें जरूर भाजपा और आरएसएस के लोगों का षड्यंत्र है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जरूर दबाव में है। इस वजह से उन्होंने ऐसा किया होगा। भावसिंह ने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा मंजूर नहीं करेंगे। बैठक कर पूरे मामले को शांत कर लिया जाएगा।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह के आरोप विधायक पर लगाए गए हैं। वह पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। मुझे बहुत दुख हो रहा है कि कार्यकर्ताओं ने ऐसा किया। मैं आज जिस पद पर भी हूं उसमें कोपरा के लोगों का बड़ा योगदान है। कोपरा के लोग नेता बनाने वाले लोग हैं। यह कहते हुए जिला अध्यक्ष के आंसू छलक रहे थे।

बीजेपी ने साधा निशाना

इस मामले को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। राजिम के पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष भावसिंह साहू को अपरिपक्व बताते हुए उन्हें विधायक से स्थिति स्पष्ट करवाने की सलाह दी है। उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस अपनी गलतियों के कारण जब भी परेशानी में आती है तो उसका आरोप भाजपा पर मढ़ने लगती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शायद आरएसएस के बारे में सही से नहीं जानती। उन्होंने राजिम विधायक से सेंदर, भैंसतरा और कोपरा में रुकी कार्रवाई पर अपनी सफाई पेश करने की मांग की है।

इस वजह से मामले ने पकड़ा तूल

ये पूरा विवाद शुरू हुआ है, कोपरा पंचायत की महिला सरपंच डॉली साहू को लेकर। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच ने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया है। इसलिए वे लोग सरपंच के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं। इनमें कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी शामिल हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विधायक अमितेश शुक्ल इस मामले में उनका साथ ही नहीं दे रहे हैं। बल्कि सरपंच का साथ दे रहे हैं। इसी वजह से कांग्रेस कार्यकर्ता समेत गांव के लोग काफी नाराज हैं।