Thursday, July 10, 2025
govthigh paid adsLatest Newsmiddle position adsmy adsUncategorizedकोरबा न्यूज़

जकांछ ने बिरगांव मेयर प्रत्याशी तय किया:नगरीय निकाय चुनाव में चुनौती पेश करेगी जोगी की पार्टी, बिरगांव नगर निगम पर पूरा जोर

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ भी नगरीय निकाय चुनाव में चुनौती पेश करने की तैयारी की है। पार्टी सभी 15 शहरों में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में उम्मीदवार उतारेगी। हालांकि पार्टी का पूरा जोर बिरगांव नगर निगम चुनाव पर रहने वाला है। इसके लिए पार्टी ने अलग से रणनीति बनाई है।

रायपुर शहर जिलाध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश देवांगन की अध्यक्षता में जोगी निवास में बिरगांव चुनाव के लिए अलग से बैठक हुई है। इसमें कहा गया, बिरगांव नगर निगम का चुनाव हर हाल में जीतना है। ओमप्रकाश देवांगन ने कहा, बिरगांव नगर निगम की स्थापना छत्तीसगढ़ राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री और हमारे पार्टी के संस्थापक अजीत जोगी ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में की थी। बिरगांव के कण-कण में अजीत जोगी समाए हुए हैं। बिरगांव में जकांछ की सरकार बनाकर ही कार्यकर्ता अजीत जोगी को सच्ची श्रद्धांजलि दे पाएंगे। बैठक में अजीत जाेगी युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों ने भी अपनी बात कही। इस दौरान तय हुआ कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता बिरगांव में पार्टी उम्मीदवार की जीत के लिए पूरी ताकत लगाएंगे। सरकार से नाराज धड़ों को एकजुट करने पर जोर रहेगा।

एवज देवांगन होंगे महापौर पद के प्रत्याशी

पार्षदों के लिए टिकट तय होने से पहले ही जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने बिरगांव नगर निगम के संभावित महापौर उम्मीदवार का नाम तय कर दिया है। पार्टी के एवज देवांगन को महापौर पद का प्रत्याशी तय किया गया है। जोगी निवास में हुई बैठक में एवज देवांगन ने कहा, साल 2023 में प्रदेश में सरकार बनाने के लिए हमें इस बार बिरगांव को जीतना होगा।

एक-दो दिन में तय होने लगेंगे उम्मीदवारों के नाम

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता भगवानू नायक ने बताया, नगरीय निकाय चुनाव संबंधी रणनीतिक बैठकें जारी है। इसके लिए शुरुआती तैयारी हो चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के बस्तर दौरे से लौटने के बाद एक बैठक होगी। भगवानू नायक ने बताया, एक-दो दिनों में पार्षद उम्मीदवारों का नाम तय होना शुरू हो जाएगा।